दहेज की भूख और डिजिटल हैवानियत, पत्नी की निजी जिंदगी को बना दिया तमाशा
मध्यप्रदेश के रीवा जिले से महिला उत्पीड़न की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने पहले दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित किया और बाद में उसकी निजी गरिमा को सोशल मीडिया पर तार-तार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर समान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रेखा साहू ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी। परिवार की असमर्थता के बावजूद सामाजिक दबाव में विवाह सम्पन्न हुआ। शादी के बाद रेखा को उसके पति शिवम साहू (पेशा—ट्रक चालक) और ससुराल वालों द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
रेखा का आरोप है कि जब आरोपी दहेज के लिए दबाव बनाकर भी सफल नहीं हुआ, तो उसने धोखे से उसके साथ पति-पत्नी का रिश्ता बनाते हुए निजी पलों का वीडियो बना लिया। इसके बाद दोबारा दहेज की मांग की गई और मांग पूरी न होने पर आरोपी ने वही आपत्तिजनक वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा। मानसिक रूप से टूट चुकी रेखा ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों के साथ समान थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विवेचना चल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है, साथ ही वायरल वीडियो को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


