सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बम निरोधक दस्ते (BDS) के जवानों के साथ सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सभी जवान ड्यूटी पूरी कर मुरैना से अपने घर लौट रहे थे। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे सागर के नेशनल हाइवे-44 पर बांदरी–मालथौन के पास हुआ। जवानों का वाहन सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में शहीद जवानों की पहचान
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- प्रधुमन दीक्षित (निवासी मुरैना)
- अमन कौरव (निवासी मुरैना)
- परमलाल तोमर (वाहन चालक, निवासी मुरैना)
- विनोद शर्मा (डॉग मास्टर, निवासी भिंड)
वहीं आरक्षक राजवीन चौहान (मुरैना) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका बंसल अस्पताल में इलाज जारी है।
डॉग सुरक्षित
हादसे के समय पुलिस वाहन में एक स्निफर डॉग भी मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।


