जिम्मेदारी से भागते विभाग, गंदगी में जीने को मजबूर जनता!


कटनी जिले के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 26, जिला चिकित्सालय परिसर के पास सड़क, नाली एवं सार्वजनिक स्थानों की सफाई को लेकर की गई शिकायत का अब तक निराकरण नहीं हो पाया है। शिकायतकर्ता गजेंद्र तिवारी द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2025 को सीएम हेल्पलाइन 181 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
शिकायत में बताया गया था कि कई दिनों से न तो सड़क की सफाई हो रही है और न ही नालियों की, जिससे क्षेत्र में गंदगी, बदबू और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायत की स्थिति रिपोर्ट से यह भी सामने आया है कि एक विभाग दूसरे विभाग पर जिम्मेदारी डाल रहा है। कभी नगर निगम तो कभी अन्य विभाग को शिकायत ट्रांसफर कर दी जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हो रहा। कई बार संबंधित अधिकारी को मामले का दायित्व सौंपा गया, लेकिन फिर यह कहकर वापस कर दिया गया कि यह उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता।
शिकायतकर्ता का कहना है कि
“हमारी समस्या गंभीर है, लेकिन अधिकारी केवल फाइल आगे बढ़ा रहे हैं। सफाई अभी तक शुरू नहीं हुई। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हमें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।”
स्थानीय लोगों में भी नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में ही सफाई नहीं हो रही तो आम वार्डों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदारी किसकी है? और नगर निगम कब तक सिर्फ फाइलों में ही शिकायत का निराकरण करता रहेगा



