भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आगामी 7 फरवरी से शुरू होंगी। इस बार स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के लिए सख्त रणनीति अपनाई है। इसके तहत तिमाही, छमाही और प्री-बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
शिक्षकों और प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन स्कूलों का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहेगा, उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिन स्कूलों का पिछले वर्ष का परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा है, उन्हें परिणाम सुधारने का विशेष लक्ष्य दिया गया है। ऐसे स्कूलों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई भी होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा विभाग ने सभी जिलों में समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वर्ष 2024-25 में कक्षा 10वीं का परिणाम 74 प्रतिशत और 12वीं का 76 प्रतिशत से अधिक रहा है, जिसे और बेहतर बनाने की तैयारी है।
12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 5 से 13 जनवरी तक और 10वीं की 6 से 13 जनवरी तक आयोजित होंगी। दोनों परीक्षाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न होंगी। खास बात यह है कि इस बार पहली बार प्री-बोर्ड परीक्षा वाले दिन भी विशेष कक्षाएं लगाई जाएंगी, जिनमें अगले दिन के विषय की तैयारी कराई जाएगी।
छात्रों को परीक्षा कक्ष में आधा घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने से पांच मिनट पहले प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूलों को अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जहां पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है वहां रिवीजन कराया जाएगा और जहां बाकी है वहां जल्द पूरा करने को कहा गया है।


