कोतवाली पुलिस की सतर्कता से अपराधी के मंसूबों पर फिरा पानी
कटनी। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर बड़ी घटना को टलने से रोक दिया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 29 नवंबर 2025 को आदि शिवधाम दुबे कॉलोनी के पास पेट्रोलिंग की जा रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर नदी की ओर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित दाहिया पिता स्व. गणेश दाहिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी बैलट घाट, थाना कोतवाली जिला कटनी बताया।
जमा तलाशी के दौरान आरोपी के कमर से जैकेट में छिपाया हुआ एक देशी कट्टा और पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार के संबंध में कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 994/2025 धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस की सतर्कता के कारण आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ा गया। जिले में असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जप्त सामग्री
- 01 देशी कट्टा
- 01 जिंदा कारतूस
कार्रवाई में रही इनकी विशेष भूमिका
अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, उपेन्द्र सिंह, मंसूर हुसैन, अजीत सिंह एवं दिनेश सेन की सराहनीय भूमिका रही।


