उमरियापान | जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टोला में पंचायत भवन के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता की गई है लिहाज़ा ग्राम पंचायत टोला में बन रहा 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत वाला पंचायत भवन इन दिनों गंभीर आरोपों के घेरे में है।स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। भवन की दीवारों और छज्जों में जगह-जगह लोहे की रॉड खुली हुई दिखाई दे रही हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि निर्माण में जरूरी गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग नहीं किया गया है। सबसे बड़ी लापरवाही यह बताई जा रही है कि बिना मजबूत बेस (फाउंडेशन) तैयार किए ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जबकि शासन के नियमों के अनुसार किसी भी सरकारी भवन के लिए मानक अनुसार बेस तैयार करना अनिवार्य होता है।ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी और पंचायत जिम्मेदारों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर सिर्फ फाइलों में प्रगति दिखाने के लिए कार्य चलाया जा रहा है।भवन के कमजोर निर्माण से भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर दोषियों पर जल्द कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन और जनहित की रक्षा हो सके।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


