विजयराघवगढ़ विधानसभा के मतदान केंद्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
कटनी। जिले में मतदाताओं के गणना फॉर्मों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया तेजी पकड़ चुकी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने विजयराघवगढ़ पहुंचकर मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और बीएलओ के कार्यों की जमीनी हकीकत देखी।
उत्कृष्ट बीएलओ का सम्मान – सौ फीसदी डिजिटाइजेशन पर कलेक्टर की शाबाशी
विशेष गहन पुनरीक्षण में 100% डिजिटाइजेशन कर मिसाल पेश करने वाले मतदान केंद्र क्रमांक 162, दिघी की बीएलओ सुनीता पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता केवट और रोजगार सहायक रश्मि निषाद को कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मतदान केंद्र क्रमांक 138, पुरैनी के बीएलओ पुष्पेन्द्र सिंह बहेलिया ने 97.93% डिजिटाइजेशन पूरा किया—कलेक्टर ने उनकी भी जमकर सराहना की।
सम्मान के बाद कलेक्टर तिवारी ने सभी उत्कृष्ट बीएलओ को एसडीएम कार्यालय में बुलाकर उनके साथ चाय पर चर्चा की और काम के अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि “अन्य बीएलओ भी इसी प्रेरणा से लक्ष्य पूर्ति करें। त्रुटि-रहित मतदाता सूची बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम है।”
कलेक्टर ने खुद किया डिजिटाइजेशन – बीएलओ ऐप में दर्ज किया डेटा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तिवारी ने मतदान केंद्र क्रमांक 57 में मौजूद बीएलओ के सामने ही 4 मतदाताओं के गणना पत्रक का डेटा बीएलओ ऐप में स्वयं दर्ज किया।
उन्होंने गणना पत्रकों की स्थिति, मतदाताओं की संख्या और अपलोड की प्रगति की जानकारी ली और निर्देशित किया कि “100% डिजिटाइजेशन हर हाल में सुनिश्चित हो।”
मुख्य बाजार में भी कलेक्टर ने लोगों से संवाद कर बीएलओ के सर्वे कार्य में सहयोग करने की अपील की।
आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण – टीकाकरण एवं पोषण दिवस की गतिविधियां देखीं
कलेक्टर तिवारी वार्ड क्रमांक 5 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे और ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के क्रियाकलापों का निरीक्षण किया। यहाँ एएनएम ममता सैयाम, पुष्पलता मिश्रा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वर्षा ताम्रकार मौजूद रहीं।
कलेक्टर ने बच्चों के टीकाकरण की ड्यू लिस्ट, गर्भवती महिलाओं की जांच, ANMOL और U-WIN पोर्टल पर एंट्री की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
दोपहर 1 बजे तक 6 में से 3 बच्चों का टीकाकरण और 6 में से 3 गर्भवती महिलाओं की जाँच पूरी हो चुकी थी।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे साथ
कलेक्टर के निरीक्षण में एसडीएम विवेक गुप्ता, तहसीलदार मनीष शुक्ला, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल स्टाफ और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
रिपोर्टर प्रिया दुबे


