दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए स्कूलों में होने वाली सभी फिजिकल स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएँ नवंबर और दिसंबर के लिए स्थगित कर दी गई हैं। यह निर्देश कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जारी किया है।
सुप्रीम कोर्ट में MC मेहता बनाम भारत सरकार मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने चिंता जताई थी कि खराब हवा और प्रदूषण के बीच बच्चों से शारीरिक स्पोर्ट्स गतिविधियाँ कराना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। कोर्ट ने कहा कि कई स्कूल भारी प्रदूषण के दौरान भी स्पोर्ट्स इवेंट करा रहे हैं, जिससे बच्चों पर गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो रहा है।
तत्काल कार्रवाई के निर्देश
CAQM ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सरकारों से कहा है कि:
नवंबर–दिसंबर में होने वाले सभी फिजिकल स्पोर्ट्स इवेंट स्थगित किए जाएँ
इवेंट्स को ऐसी तिथि पर पुनर्निर्धारित किया जाए जब वायु गुणवत्ता सुरक्षित हो
जिन छात्रों को इससे नुकसान हो सकता है, उनके लिए वैकल्पिक अवसर उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि उनकी शैक्षणिक या खेल प्रगति प्रभावित न हो
19 नवंबर को हुई आपात बैठक
इस मुद्दे पर 19 नवंबर 2025 को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा मंत्रालय, NCR राज्यों के प्रतिनिधि, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, NCR प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और DPCC के अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद आयोग ने यह आदेश जारी किया।
बच्चों की सेहत सर्वोपरि
CAQM ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है और प्रदूषण के चरम स्तर पर आउटडोर खेल कराना गंभीर स्वास्थ्य प्रभाव डाल सकता है। इसलिए सरकारों को तुरंत कदम उठाने होंगे।


