कलेक्टर श्री तिवारी ने आदतन अपराधी को 3 माह तक पुलिस थाना में उपस्थित होने के दिए निर्देश
कटनी - कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने तहसील रीठी निवासी अनुरोध उर्फ अर्पित अवस्थी पिता जयप्रकाश अवस्थी उम्र 32 वर्ष के विरुद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए आगामी 3 माह की अवधि तक प्रतिमाह की 1 से 16 तारीख को पुलिस थाना रीठी में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। अर्पित के विरूद्ध थाना रीठी में 7 अपराधिक प्रकरण और थाना संजीवनी नगर जिला जबलपुर में 1 अपराधिक प्रकरण सहित कुल 8 अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। जिनमें अवैध रूप से जुआ-सट्टा खिलाने और लूट जैसे अपराध शामिल है। पुलिस द्वारा अर्पित के विरूद्ध समय-समय पर कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। परंतु, आदतन अपराधी के आचरण-व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। अर्पित द्वारा आपराधिक गतिविधियां निरंतर जारी रखने के कारण क्षेत्र में शांति एवं सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर पड़नें वाले प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री तिवारी ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदतन अपराधी के प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए आगामी 3 माह तक पुलिस थाना रीठी में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।