कटनी – नगर निगम प्रशासन के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत झिंझरी स्थित बस स्टेंड में चल रहे चल रहे क्षेत्रीय बस स्टेंड के निर्माण कार्य के साथ ही अमृत योजना के तहत माधवनगर एवं दुगाडी नाला में निर्माणाधीन एस.टी .पी के कार्यों की प्रगति का शुकवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, योगेश पवार चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सहित पी.डी.एमसी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
क्षेत्रीय बस स्टेंड झिंझरी का शेष कार्य शीध्र करायें पूर्ण
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने जिला जेल के समक्ष झिंझरी में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन क्षेत्रीय बस स्टैंड के निर्माणाधीन कार्यो का अवलोकन कर क्रियान्वयन की स्थिति का मौका मुआयना किया। इस दौरान निगमायुक्त ने निर्माणाधीन बस स्टैंड में उपलब्ध सुविधाओं जैसे टिकट काउंटर, शौचालय, यात्रियों के लिए डॉरमेट्री और दुकानों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा बस स्टेंड के प्रथम तल में निर्माणाधीन 6 कक्षों का अवलोकन किया जाकर उनकी उपयोगिता सहित छत में रेस्टोरेंट संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने टायलेट निर्माण के कार्य सहित पेयजल एवं विद्युत फिटिंग के कार्य व भविष्य की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए निर्माणाधीन बस स्टेंड के शेष कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराते हुए बसों का संचालन प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश सहायक यंत्री सुनील सिंह को दिए। इस दौरान निगमायुक्त द्वारा बस स्टेंड के बाजू से अतिरिक्त भूमि आवंटन प्रक्रिया की अधतन स्थिति तथा सिटी बस संचालन के संबंध में जानकारी भी ली गई।
प्रतिदिन के कार्यों का चार्ट करें प्रस्तुत
अमृत योजना के तहत माधवनगर के एस.टी.पी साईट पर चल रहे विभिन्न कार्यो का पूर्व निर्देशानुसार निर्धारित टाईमलाईन अनुसार प्रगतिरत कार्यो के निरीक्षण के दौरान टाईमलाईन अनुसार कार्यो में प्रगति नहीं पाये जाने पर गहन नाराजगी व्यक्त की गई। जिसपर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि मैकेनिकल आईटम सारे आ चुके है जिनके इंस्टॉलेशन हेतु एक दो दिवस मंे टीम भी पहुंचने वाली है। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने पी.डी.एम.सी के प्रतिनिधि विशाल सैनी से भी स्थल पर कराये जा रहे निर्माण कार्य एवं उनकी समयावधि के संबंध में जानकारी ली तथा टाईमलाईन अनुरूप मेन पंपिंग स्टेशन, प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट, एस.बी.आर, सीसीटी आदि के कार्य में प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधितों पर नोटिस जारी करने एवं पेनल्टी की कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए। वहीं दुगाडी नाला एस.टी.पी-2 के निर्माणाधीन कार्यो का निरीक्षण निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा किया जाकर क्रिटिकल एवं इंटर कनेक्टेड कार्यो की टाईमलाइन निर्धारित करते हुए मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने का प्रतिदिन का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


