MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
सतना। मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सतना जिले के जासो थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव के दुर्गेश व्यास ने अपने प्रथम प्रयास में सहकारिता निरीक्षक के पद पर चयन पाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। बचपन में ही पिता स्व. संतोष कुमार व्यास का साया उठ जाने के बाद भी दुर्गेश ने विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारी। उनकी माता, जो एक गृहणी हैं, ने कठिन परिस्थितियों में उनका हर कदम पर साथ दिया।
श्रवण बाधित होने के बावजूद दुर्गेश ने संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से सफलता हासिल की। ट्यूशन और कोचिंग के माध्यम से पढ़ाई करते हुए वे अपने गांव से प्रशासनिक सेवा में चयनित होने वाले पहले युवा बने हैं। उनकी उपलब्धि न सिर्फ बहेरवा बल्कि पूरे सतना जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है।
दुर्गेश ने कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति जिद और समर्पण हो तो कोई भी अभाव सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनता। उन्होंने अपनी कविता की पंक्तियों में सफलता का मंत्र भी साझा किया—
“जब आंखों में अरमान लिया, मंजिल को अपना मान लिया,
है मुश्किल क्या आसान क्या, जब ठान लिया तो ठान लिया।”
उनकी इस उपलब्धि पर माता द्रोप्ति बाई व्यास, जयनारायण व्यास, रामनारायण व्यास, बड़े भाई शिवनारायण व्यास, रजनीश व्यास, प्रशांत कुमार गौतम, माहेश्वरी मिश्रा, आयुष व्यास, गोलू मिश्रा, योगेश द्विवेदी सहित सभी ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया।
अभ्यर्थियों के लिए दुर्गेश का संदेश:
सही स्टडी प्लान बनाएं, निराश न हों, स्वयं को मोटिवेटेड रखें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, नियमित दिनचर्या बनाए रखें और नकारात्मक चीजों से दूरी बनाएं। प्री और मेंस के पूरे सिलेबस को अच्छे से पूरा करना सफलता की कुंजी है।


