MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी। झिझरी स्थित दद्दा धाम में रविवार से शुरू होने वाला पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भव्यता और भक्तिभाव का अनोखा संगम बनने जा रहा है। पूरे परिसर में जगमगाती विद्युत सजावट, पुष्प अलंकरण और धार्मिक उत्साह माहौल को दिव्य बना रहे हैं। दद्दा जी के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के लिए श्रद्धालु, शिष्य मंडल और सेवकगण पूरी तत्परता से जुटे हैं।
रविवार की शुरुआत पार्थिव शिवलिंग निर्माण व महा रुद्राभिषेक से
सुबह 8 बजे पार्थिव शिवलिंग निर्माण और दोपहर 12 बजे महा रुद्राभिषेक का आयोजन होगा, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। रुद्राभिषेक के पश्चात महाभंडारे का आयोजन होगा।
भक्ति में डुबोएंगी संजो बघेल
प्रख्यात भजन गायिका संजो बघेल सुबह 8 बजे से अपने भजनों से भक्तिरस घोलेंगी। ‘शिव शंकर की महिमा’ और ‘जय दद्दा जी महाराज’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठेंगे।
आज विशेष सुंदरकांड पाठ और परंपरागत गोलियां काटने की विधि
महोत्सव की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम सुंदरकांड पाठ और शिव के प्राथमिक स्वरूप में गोलियां काटने की परंपरागत विधि संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए विशेष सुरक्षा और सुविधा प्रबंध किए गए हैं।
व्यवस्थाओं का निरीक्षण: विधायक संजय पाठक मौके पर
विजयराघवगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक ने एएसपी संतोष डेहरिया और यातायात प्रभारी राहुल पांडे के साथ पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पार्किंग, आवागमन, वीवीआईपी रूट और सुरक्षा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
विधायक पाठक ने कहा कि हजारों श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए व्यवस्थाएं उसी स्तर की की जा रही हैं, ताकि किसी को परेशानी न हो।
समिति की अपील
मंदिर समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर दद्दा जी महाराज की कृपा प्राप्त करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।


