छिन्दवाड़ा/06 नवम्बर 2025/ मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग की 17 और 19 वर्ष आयु समूह की बालक – बालिकाओं की राज्य स्तरीय विभागीय चयन प्रतियोगिता आज जुन्नारदेव के कन्हान एरिया स्थित बैडमिंटन हॉल में संपन्न हुई। उद्घाटन के अवसर पर कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री नत्थन शाह कवरेती, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश सालोडे, कन्हान एरिया एपीएम श्री आर.एल.मोगरे, न.पा.सभापति श्री संजय जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनीष चतुर्वेदी, श्री ओ.पी. जोशी, प्राचार्य श्री सी.एस.दीक्षित सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 22 जिलों के ट्राइबल खिलाड़ी 4 क्षेत्र के रूप में भाग लेने जुन्नारदेव पहुंचे हैं। इन खिलाड़ियों का चयन समिति द्वारा किया गया और विभाग की टीम का गठन किया गया। चयनित खिलाड़ियों को विजेता मेडल प्रदान किए गए। यह खिलाड़ी छिंदवाड़ा में 7 नवंबर 2025 से होने वाली शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग की ओर से भाग लेंगे। यह जानकारी देते हुए छिंदवाड़ा जिला क्रीड़ा प्रभारी श्री अनुरोध शर्मा ने बताया कि विगत वर्ष भी यह प्रतियोगिता जुन्नारदेव में ही संपन्न की गई थी । बैडमिंटन खेल में ट्राइबल के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं । इस वर्ष भी खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की आशा की जा रही है ।
एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री ठाकुर ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को अच्छे खेल की शुभकामनाओं के साथ अच्छे संस्कार जीवन में शामिल करने के लिये कहा और जीवन के हर क्षेत्र में मेहनत के महत्व के प्रेरक प्रसंग बताएं । पूर्व विधायक श्री कवरेती ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देने के लिये विभाग की प्रशंसा की और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रेषित की। नपा अध्यक्ष श्री सालोडे ने जुन्नारदेव को इस प्रतियोगिता हेतु चुने जाने के लिए विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया और आगामी समय में और बड़े स्तर की प्रतियोगिता करने का आश्वासन भी आयोजकों को दिया । जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में श्री प्रकाश साखरे, श्री सत्यम साहू, श्री आकिब खान, श्री नमन साहू, श्री अरशद खान उपस्थित थे। अन्य व्यवस्थाओं का संचालन विभाग के व्यायाम शिक्षक श्री अनुराग शर्मा, श्री धनंजय चौरसिया, सुश्री पूर्वी कुमरे, श्री अनिल गडरिया, श्री राजीव गौतम, श्री रूपेश विश्वकर्मा, श्री राजेश सोनी व श्री संजय बामने द्वारा किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


