छिन्दवाड़ा/ 05 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनजातीय कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री नारायन द्वारा पी.एम. जनमन योजना के अंतर्गत सेचुरेशन की स्थिति एवं विभिन्न प्रकार के अधोसंरचना के कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले के 9 विकासखण्डों के 622 ग्रामों मे निवासरत जनजाति समुह को प्राप्त होने वाली हितग्राही योजनाओं की समीक्षा की गई तथा सभी हितग्राहियों के पास आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, समग्र आई.डी., किसान सम्मान निधि योजना का सभी को लाभ दिया जाना सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए गये। धरती आबा के तहत सामुदायिक प्रकरणों जैसे सडक निर्माण, नल-जल योनजा, मोबाइल कलेक्टिविटी, बिजली आदि का कियान्वयन शत-प्रतिशत किया जाना है।
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत 9 विकासखण्डों के 622 ग्रामों को शामिल किया गया है। इन ग्रामों में आदि सेवा केन्द्र की स्थापना करते हुए भारत सरकार जनजाति कार्य विभाग नई दिल्ली द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में चिन्हित ग्रामों को सर्व-सुविधा युक्त बनाए जाना है और आदि कर्मयोगी पोर्टल पर अपलोड किये गये है। धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत भगवान बिरसा मुण्डा के 150 वीं जयंती के समापन वर्ष जनजाति गौरव दिवस का आयोजन 15 नवम्बर 2025 को जिला स्तर पर किया जाना है। जनजाति कार्य विभाग की विभागीय कार्य योजनाओं जैसे विशिष्ट संस्थाएँ, विभागीय शैक्षणिक संस्थाएँ, छात्रावास आश्रम आदि का संचालन के संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री नारायन द्वारा बैठक में ही विडियो कॉल के माध्यम से शासकीय आदिवासी बालक छात्रावास देलाखारी के अधीक्षक व कर्मचारियों से चर्चा की गई। खाना बनाते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। अधीक्षक से यह भी जानकारी ली गई कि आपके द्वारा छात्रावास परिसर में ही निवास किया जाता है कि नही। इस दौरान छात्रावास अधीक्षक द्वारा यह भी कहा गया किया कि छात्रावास के समीप ही शासकीय आवास में ही निवासरत हूँ। बैठक में विभाग द्वारा कॉलेज स्तर की दी जाने वाली छात्रवृत्ति, बस्ती विकास, राहत योजना के तहत दी जाने वाली राशि, अंर्तजातीय विवाह योजना के अंतर्गत दी जाने वाली राशि, भारिया परिवार के मुखिया को दी जाने वाली राशि, भगवान बिरसा मुण्डा, टट्या मामा योजना के तहत दिए जाने वाले ऋण के सम्बन्ध में भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा शैक्षणिक संस्थाओं, आश्रमों, छात्रावासों में सतत निरीक्षण किए जाने के लिये निर्देशित किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


