कटनी। “मुस्कान विशेष अभियान” के तहत महिला थाना पुलिस ने सोमवार को के.सी.एस. स्कूल कटनी में छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12वीं तक की करीब 200 बालिकाओं ने भाग लिया।
माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार 1 से 30 नवंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में “मुस्कान विशेष अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की दस्तयाबी के साथ-साथ विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, सायबर अपराध और सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमति ऊषा राय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में महिला थाना कटनी की उपनिरीक्षक मेघा मिश्रा ने छात्राओं को “गुड टच–बैड टच”, बाल विवाह के नुकसान, पॉक्सो अधिनियम, सायबर सुरक्षा और सोशल मीडिया पर अनुचित सामग्री साझा करने के कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर तुरंत संपर्क करने की सलाह दी।
अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों में आत्म-सुरक्षा की भावना विकसित हो और गुमशुदगी व लैंगिक अपराधों में कमी लाई जा सके।
के.सी.एस. स्कूल में महिला थाना पुलिस द्वारा बालिकाओं को आत्म-सुरक्षा और सायबर जागरूकता की जानकारी देती उपनिरीक्षक मेघा मिश्रा।
– MP NEWS CAST, कटनी


