कटनी (01 नवंबर) – जिले की सभी बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां किसान हितैषी बनें। रासायनिक उर्वरक के भंडारण एवं वितरण की बेहतर व्यवस्था बनायें जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। समितियां समय पर कार्यादेश और डिमांड ड्राफ्ट जेनरेट करें ताकि समितियों में उर्वरक की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उर्वरक वितरण व्यवस्था के संबंध में आयोजित सहकारी समितियों की बैठक में दिए।
बैठक में उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास डॉ. रामनाथ पटेल, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन कुरील, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी आनंद मोहन पाण्डेय, मार्कफेड के अधिकारी और जिले की समितियों के प्रबंधक मौजूद रहे।
डबल लॉक केन्द्र से भी नजदीकी समितियों को उर्वरक प्रदाय किया जाये। कलेक्टर ने कोदो-कुटकी के समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिये अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल्द ही शुरू होने वाले धान उपार्जन कार्य के मद्देनजर समितियों को सभी मूलभूत और बुनियादी सुविधाओं की जानकारियां सहायक आयुक्त सहकारिता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


