MP NEWS CAST
जेपी वी डीएवी विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय एकता शपथ के साथ हुई। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को समर्पित सामूहिक समूह-गान प्रस्तुत किया, जिसने पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश गूंजा दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता विषय पर आकर्षक पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में भाग लिया। रंगों और कल्पनाशीलता से सजे ये पोस्टर भारत की विविधता में एकता की अनूठी झलक प्रस्तुत कर रहे थे। इसी क्रम में विद्यालय परिवार द्वारा एक प्रभावशाली मानव श्रृंखला ( Human Chain) भी बनाई गई, जिसमें सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथ से हाथ मिलाकर एकता की मजबूती का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रेरणादायक भाषण भी दिए। उन्होंने बताया कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोत्तम रूप है और यह समाज में आपसी सहयोग एवं एक-दूसरे के प्रति संवेदना को मजबूत करता है।
अंत में मध्यप्रदेश जोन के क्षेत्रीय निदेशक एवं विद्यालय प्राचार्य श्री एस के सिन्हा जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित है और हमें सदैव आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
विद्यालय परिसर में मनाया गया यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।


