कटनी आगामी 1 नवंबर को कटनी जिले में पवित्र नदियों एवं सरोवरों के घाटों पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर दो नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी को ग्रामीण क्षेत्र के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्री मोदी 1 नवंबर को ग्राम भरभरा आश्रम सिलपरा नदी घाट में दीपोत्सव एवं अन्य कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार नगर पालिक निगम के उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता को शहरी क्षेत्र का नोडल अधिकारी बनाया गया है। श्री गुप्ता को कटायेघाट नदी घाट में दीपोत्सव एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम में स्थान की उपलब्धतानुसार घाट पर 10 हजार से लेकर 1 लाख तक दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। साथ ही स्थान उपलब्धतानुसार 3 से 10 बटुकों द्वारा पवित्र नदी के तट पर आरती की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान श्री रामचन्द्र को समर्पित भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
जारी आदेश में नोडल अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आयोजन की वीडियोग्राफी तथा फोटोग्राफ्स सहित विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है।


