🔹स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वच्छ, सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
कटनी। दीपों के पर्व दीपावली पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “प्रकाश का यह महापर्व हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे। दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है और हमें यही संदेश देती है कि जीवन के हर अंधेरे को सकारात्मकता और उजाले से दूर किया जा सकता है।”
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का ही नहीं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का उत्सव भी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रदूषणमुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित दीपावली मनाएं।
उन्होंने बताया कि ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लोग केवल ग्रीन पटाखे जैसे फुलझड़ी, अनारदाना और मेरून जैसी आतिशबाजी करें, ताकि पर्यावरण पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।
🌿 “वोकल फॉर लोकल” का दिया संदेश
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में कुम्हार समुदाय और महिला स्वसहायता समूह परंपरागत मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री तैयार करते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि विदेशी या प्लास्टिक सजावट की जगह स्थानीय उत्पादों का उपयोग करें।
उन्होंने कहा –
“दीपावली के हर दीप में किसी स्थानीय कारीगर की मेहनत और आशा जलती है। आइए, ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार करें और स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं।”
🤝 खुशियां बांटें, दीपावली रोशन बनाएं
कलेक्टर श्री तिवारी ने नागरिकों से यह भी कहा कि “खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। दीपावली के अवसर पर अपने आस-पास के जरूरतमंद लोगों के साथ अपनी खुशियां साझा करें, ताकि हर घर में प्रकाश और मुस्कान पहुंचे।”
💫कलेक्टर का संदेश:
“सुरक्षित रहें, सावधानी बरतें और स्वच्छ, हरित व स्वदेशी दीपावली मनाएं।”


