कटनी (16 अक्टूबर)- जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा विभागीय योजनाओं में प्रगति लाने हेतु दिए गए निर्देशों को फलीभूत करने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में पहुंचकर वस्तुस्थिति का आकलन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। गुरुवार को जनपद पंचायत कटनी के सीईओ श्री प्रदीप सिंह ने ग्राम पंचायत घनघरी खुर्द पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, समग्र ई केवाईसी, विभिन्न योजनाओं और मद से स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर नब्ज टटोली। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ अपूर्ण कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जनपद सीईओ श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास पूर्णता एवं स्वीकृत हितग्राहियों द्वारा कराए गए कार्य की प्रगति के आधार पर किश्त जारी करने की कार्यवाही अविलंब करें। इस दौरान ग्राम पंचायत के सचिव और रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
सेक्टर उमरिया पान और धरवारा की बैठक
जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ श्री यजुवेंद्र कोरी ने बुधवार को सेक्टर उमरिया पान एवं धरवारा से सम्बद्ध ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों की समीक्षा बैठक ग्राम पंचायत उमरिया पान के सभा कक्ष में की। श्री कोरी में ग्राम पंचायत एवं योजना वार आवास पूर्णता, समग्र ई केवाईसी, स्वीकृत निर्माण कार्यों सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण एवम् तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियो और ग्राम पंचायतों को दिए। इसबी दौरान सहायक यंत्री अजय केसरवानी एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभारी, सेक्टर से संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


