छिंदवाड़ा/14 अक्टूबर 2025/* मंगलवार को दोपहर लगभग 2.30 बजे जिले के अमरवाड़ा विकासखंड के ग्राम राजोला में ग्रामीणों के अचानक उल्टी दस्त से पीड़ित होने की जानकारी संज्ञान में आने के तत्काल बाद कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देश पर एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सा अधिकारियों की टीम के साथ ग्राम राजोला पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्राम में पहुंचते की घर – घर सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। कुछ ही घंटों के अंदर शाम लगभग 6 बजे तक ग्राम में पलंग एवं सेलाइन सहित सभी आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था कर अस्थाई अस्पताल तैयार किया गया। लगभग 233 ग्रामीणों का इलाज किया गया, जिनमें से लगभग 93 लोगों को ड्रिप लगाई गई, 10 मरीजों को सिंगोड़ी अस्पताल भेजकर इलाज किया गया और लगभग 150 लोगों को मेडिसिन दी गई। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन भी सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार के साथ देर रात तक ग्राम में मौजूद थे और स्वास्थ्य व्यवस्था एवं ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए थे। प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से ग्राम में अब स्थिति नियंत्रण में है। ग्राम में 4 एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है, जिससे इमरजेंसी की स्थिति निर्मित होने पर मरीजों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा जा सके।
एसडीएम अमरवाड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ग्राम के पेयजल स्त्रोत कुएं में 4 पक्षी मरे हुए पाए गए थे, जिनके कारण पानी दूषित होना प्रतीत हुआ। ग्रामीणों में उल्टी दस्त की जानकारी लगने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा भी तत्काल जलस्त्रोत का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है। कुएं को खाली कराया जा रहा है और पेयजल सप्लाई के लिए ग्राम के अन्य स्त्रोत से अस्थाई व्यवस्था बनाई गई है। मौका स्थल पर जनपद सीईओ, बीएमओ, टीआई सहित स्थानीय अमला और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। स्थिति नियंत्रण में है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


