रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा द्वारा अवैध शराब विक्रय की निरंतर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्यवाही के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। इस बात की भी शिकायतें मिल रही है कि कई होटल एवं ढाबों में ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है।शिकायतों पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक द्वारा भी सिटी कोतवाली सहित देहात थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हुए हैं। जिसके चलते देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे द्वारा पुलिस टीम के साथ होटल एवं ढाबों सहित संदिग्ध स्थलों की निरंतर सर्चिंग की जा रही है। इसी के चलते रविवार को ब्यावरा के पास यादव श्री ढाबे में सर्चिंग के दौरान अवैध शराब विक्रय करते हुए पकड़ी गई। जिस पर पुलिस ने अमन पिता कुलदीप यादव उम्र 25 साल निवासी गरीबी लाइन इटारसी पर 34(1) का प्रकरण कायम किया है। इसी प्रकार देहात पुलिस ने रविवार रात को बड़ी पहाड़ियों के सामने झुग्गी से राहुल उर्फ रेनू निवासी नंदन ढाबे के सामने से 30 क्वार्टर देसी शराब के साथ पकड़कर 34(1)का प्रकरण कायम किया। इसी प्रकार आईटीआई रोड पर होटल में शराब पिलाई जाने की सूचना पर सर्चिंग कार्यवाही की। फिलहाल पुलिस की कार्यवाही से होटल एवं ढाबों में शराब विक्रय करने और पिलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।


