मंगलवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सभागार में जनपद पंचायत के सीईओ श्री यजुवेंद्र कोरी की अध्यक्षता में सेक्टर ढीमरखेड़ा और खमतरा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने वीसी के माध्यम से सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण कराने के साथ-साथ एक बगिया मां के नाम, मनरेगा,समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों में प्रति दिवस निगरानी करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। इसी अनुक्रम में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ श्री कोरी द्वारा सहायक यंत्री अजय केसरवानी सहित अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी में विस्तार से ग्राम पंचायत वार योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली जाकर समीक्षा की गई। जनपद सीईओ ने न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम
पंचायतों पर नाराजगी जताई और संबंधित सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और नोडल अधिकारियों को दो दिवस के अंदर प्रगति लाने के निर्देश दिए अन्यथा की स्थिति में सख्त कार्रवाई प्रस्तावित करने को कहा। समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के ब्लाक कोऑर्डिनेटर क्रमशः संतोष पाठक
,अभिषेक भार्गव एपीओ मनरेगा धर्मेंद्र पटेल के अलावा जनपद स्तरीय योजना प्रभारी, क्षेत्रीय उपयंत्री, पंचायत समन्वय अधिकारी,एडीईओ और ग्राम पंचायतों के सचिव,ग्राम रोजगार सहायक एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर राजेन्द्र चौरसिया


