कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में 221 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर द्वय विंकी सिंहमारे उइके, प्रदीप कुमार मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद हैं।
मुआवजा दिलायें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम चांदनखेड़ा के ग्रामीणों ने आवेदन देते हुए कहा कि पतने नदी डैम निर्माण की वजह से हमारी कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ रही है। इस वजह से हमारी धान की फसल पूर्ण रूप से समाप्त हो गई है एवं हमारे सामने उदर-पोषण की समस्या प्रकट हो गई है। इसलिए अतिशीघ्र सर्वे कराकर डूब क्षेत्र में आने वाले कृषकों की भूमि एवं फसल का उचित मुआवजा दिलायें। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
नाम सुधार करायें
ग्राम कन्हवारा निवासी शंकर नामदेव ने बताया कि 3 साल पूर्व हुए सर्वे में पटवारी द्वारा खसरा नंबर 524 में त्रुटिवश लखन विश्वकर्मा का नाम चढ़ा दिया गया था जबकि इस भूमि में मैं 30 वर्षों से निवास कर रहा हूँ। एसडीएम कार्यालय में नाम सुधार हेतु आवेदन देने के बावजूद अभी तक नाम सुधार नहीं हो सका है। नाम सुधरवा दीजिये। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने नायब तहसीलदार कटनी नगर को शिकायत के निराकरण के निर्देश दिए।
लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलायें
ग्राम संकरीगढ़ गणेशपुर निवासी बुधिया कोरी ने कहा कि ऑनलाइन आवदेन में गलत उम्र दर्ज हो जाने की वजह से मुझे लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मुझे योजना का लाभ दिलायें। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने महिला एवं बाल विकास को पात्रतानुसार योजना का लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिए।
वेतन दिलायें
ग्राम संघवारा निवासी राममित्र दाहिया ने बकाया वेतन दिलायें जाने कि माँग करते हुए कलेक्टर श्री तिवारी को बताया कि मैं वर्ष 2012 से ग्राम संघवारा एवं संकरी के कोटवार के पद पर कार्यरत हूँ। कोटवार को पूर्व में 400 रूपये मासिक वेतन मिलता था। वर्ष 2023 में शासन द्वारा इसे बढ़ाकर 1000 रूपये कर दिया गया है। परंतु, मुझे 2012 से अभी तक कुल 2000 रूपये ही मिला है। मुझे अतिशीघ्र मानदेय दिलायें इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने विजयराघवगढ़ के तहसीलदार को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।


