*100 प्रतिशत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की गाड़ियों की होगी मॉनिटरिंग*
*गाड़ियों के रखरखाव व्यवस्था, डीजल वितरण, गाड़ियां बिगड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में निगमायुक्त ने की समीक्षा*
*गारंटी पीरियड के सभी सड़कों का नए सिरे से सुधार कार्यों को लेकर भी निगमायुक्त ने इंजीनियरों के साथ की गहन रिव्यु*
*सफाई, सड़क, पानी, और प्रकाश व्यवस्था को लेकर नहीं की जाएगी कोई कोताही बर्दाश्त, संबंधित अधिकारियों को निगमायुक्त के सख्त निर्देश*
*निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ किया श्रमदान, दिया स्वच्छता का दिया संदेश*
जबलपुर। नगर निगम के कार्यप्रणाली में कसावट के साथ पारदर्शिता लाने और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार लगातार जमीनी स्तर पर मेहनत कर रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था सौ प्रतिशत हो, जल वितरण स्वच्छ हो, स्ट्रीट लाइट प्रॉपर ढंग से जले और चलने के लिए सड़कें अच्छी हो, इन सब विषयों पर समीक्षा करने सुबह सुबह वर्कशॉप में निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
अधिकारियों की परेड के दौरान निगमायुक्त ने सभी को दो टूक शब्दों में कहा कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सौ प्रतिशत निश्चित करें। इस बीच कोई गाड़ी बिगड़ती है तो वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर रखें, मुझे कोई किंतु परंतु नहीं चाहिए।
निगमायुक्त ने जल वितरण व्यवस्था को भी ठीक करने के साथ गारंटी पीरियड की जितनी भी सड़कें अभी बारिश में क्षति ग्रस्त हुई हैं उनकी मरम्मत भी नए सिरे से उन्हीं ठेकेदारों से कराएं जिन्होंने सड़क बनाई है। सड़कों के सुधार कार्य भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ करवाने निगमायुक्त ने इंजीनियरों को सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने इंजीनियरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि वो अपनी उपस्थिति में सुधार कार्य करवाएं। समीक्षा के उपरांत निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ श्रमदान भी किया और नागरिकों को स्वच्छता का संदेश भी दिया।


