छिंदवाड़ा जिले की जनपद पंचायत हर्रई के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत थारवा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।
ग्रामवासियों और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी किसान मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष राजेश मरकाम ने सचिव और सरपंच पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं रहते, जिसके कारण हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन में पिछले 15 दिनों से ताला लटका हुआ है, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
मीडिया की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया, जहाँ सचमुच पंचायत भवन पर ताला लगा मिला।
भवन के बाहर ताश की पत्तियाँ बिखरी मिलीं, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि यहाँ पंचायत कार्यों की जगह मनमानी और लापरवाही का माहौल बना हुआ है।
वहीं, कई हितग्राही अपने जॉब कार्ड और आवेदन लेकर पंचायत भवन के बाहर इंतजार करते दिखाई दिए — इस आशा में कि कभी सचिव या सरपंच आकर उनका कार्य कर देंगे।
ग्राम पंचायत परिसर में गंदगी और अव्यवस्था का आलम भी देखने को मिला। स्वच्छता अभियान के नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि सचिव और सरपंच के इस गैरजिम्मेदाराना रवैये की जाँच की जाए और तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


