छिन्दवाड़ा/08 अक्टूबर 2025/ केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आज बालाजी पब्लिक स्कूल जनता कॉलोनी छिंदवाड़ा में स्वच्छता ही सेवा पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसके अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए स्वच्छता ही सेवा पर आधारित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वच्छता के विभिन्न घटकों को निबंध के माध्यम से समझा । वहीं स्वच्छता के अंतर्गत व्यक्तिगत स्वच्छता, घरेलु स्वच्छता, अपने आस-पास की स्वच्छता एवं पेय जल के आस-पास स्वच्छता कैसे रखी जाये इसे बखूबी उल्लेखित किया।
इस अवसर पर प्रचार अधिकारी श्री राम सहाय प्रजापति ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा गृहण करने के लिए स्वयं की मानसिकता में बदलाव लाकर स्वच्छता को अपने जीवन में उतारना होगा । जब मन स्वच्छ होगा तो विचार भी अच्छे आएंगे । साथ ही हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय की संचालक सुश्री बी.अनुराधा नायडू ने कहा कि स्वच्छता को अपनाकर हम जीवन को खुशहाल बना सकते हैं, जिसके लिए हमें स्वच्छता के हर घटकों को अपने जीवन में उतारना होगा । इस अवसर पर समाजसेवी श्री श्यामल राव ने कहा कि साफ-सफाई के बिना जीवन अधूरा है, क्योंकि इसी से हम निरोगी काया प्राप्त कर सकते हैं । जब हमारा शरीर स्वस्थ होगा तभी हम अपने कैरियर में आगे बढ़ सकते हैं । कार्यक्रम में सभी लोगों को स्वच्छता ही सेवा की शपथ दिलाई गई एवं निबंध प्रतियोगिता के तीन विजेता प्रतिभागियों को उपस्थित अतिथियों के हस्ते पुरुस्कृत किया गया । साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं के हस्ते ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया । आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के श्री अभिषेक नायडू, सभी शिक्षकगण एवं स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा ।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


