*शहरी विकास के कार्यों को दें गति – नवागत कलेक्टर*
छिन्दवाड़ा/04 अक्टूबर 2025/ नवागत कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों की परिचयात्मक समीक्षा बैठक ली। बैठक की शुरुआत में कलेक्टर श्री नारायन ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में कायाकल्प अभियान, सीवरेज योजना, अमृत 2.0, सांसद निधि अंतर्गत संचालित विकास कार्यक्रम, एईबीएएस फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व वसूली, स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि नगरीय निकायों के अधिकारी विकास कार्यों की गति को और तेज़ करें तथा योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने शहर में होर्डिंग्स की व्यवस्था सुव्यवस्थित करने और शहरों की स्वच्छता व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त श्री सी.पी. राय, सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


