कटनी (29 सितंबर)- राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 6 दिवसीय शॉपकीपर प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व एवं जिला पंचायत की सीईओ सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश और मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) कटनी में दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार उन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों से 29 दिव्यांग युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। विशेष मुहिम के तहत दिव्यांगों को स्वच्छता समूहों से जोड़ा जाकर प्रशिक्षित किए जाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। श्रीमती शबाना बेगम कहती हैं कि स्वरोजगार मिलने से दिव्यांग युवाओं को अपनी आवश्यकताओं एवं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आजीविका का कोई ना कोई साधन उपलब्ध हो सकेगा। स्वरोजगार मिलने से दिव्यांग सामाजिक रूप से आत्म सम्मान, स्वाभिमान और खुशहाली के साथ जीवन यापन कर सकेंगे। दिव्यांग युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान शॉपकीपर के प्रशिक्षण के अलावा अतिरिक्त बैंकिंग प्रक्रिया, राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार और बैंकों से प्राप्त होने वाले ऋणों के संबंध में भी विस्तार से जानकारीदी गई। प्रशिक्षण के दौरान उनकी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समुचित समाधान किया गया।


