रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिले में शारदीय नवरात्र पर्व पूरे धार्मिक माहौल में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। माता के पंडालो में दिन भर धार्मिक अनुष्ठान, पूजन पाठ पंडितों द्वारा विधि विधान से कराया जा रहा है। नवरात्र के अवसर पर पंडालो में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण पहुंचकर माता के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। समिति द्वारा माता की प्रतिमा
स्थापित कर पंडालों को विद्युत साज सज्जा कर आकर्षण का केंद्र बनाया हुआ है। माखन नगर के समाजसेवी विशाल सांकुल ने बताया कि माखन नगर में भी नवरात्र पर्व पूरे धार्मिक माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नसीराबाद रोड पर माखननगर सिद्धि विनायक समिति द्वारा मां महिषासुर मर्दिनी माता दुर्गा की प्रतिमा विराजित की गई है। जहां पर आचार्य पंडित सुनील गुरु, वेदांत गुरु पंडित, उज्जैन से आए जुड़वा पंडितजी राघव पंडित और माधव पंडित द्वारा माता का पूजन पाठ, यज्ञ विधि विधान से किया जा रहा है। समिति द्वारा विगत 5 वर्षों से निरंतर नवरात्र पर्व पर माता की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। आयोजक विशाल सांकुल ने बताया कि माता की प्रतिमा पंचमी के दिन स्थापना की जाती है, चौदस के दिन भंडारा होता है। शरद पूर्णिमा के दिन भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है। माता के पंडाल में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, भजन,पूजन पाठ होता है और श्रद्धालु भक्तगण माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।


