MP NEWS CAST ( मनीष गौतम)
कटनी, कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कन्या भोज, निबंध प्रतियोगिता एवं मानव श्रृंखला निर्माण कर पोषण और सेवा का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
मुड़वारा विधायक संदीप प्रसाद जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में परियोजना अधिकारी श्रीमती विद्या पाण्डेय द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक श्री जायसवाल ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चों को पोषण किट वितरित की। साथ ही कन्या भोजन का आयोजन कर बेटियों के स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कौड़िया–बहोरीबंद में कन्या पूजन एवं भोज
परियोजना अधिकारी श्री सतीश पटेल के नेतृत्व में नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय पोषण अभियान एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत बेटियों के स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जनजागरूकता पर बल दिया गया।
सिलौड़ी महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता
परियोजना अधिकारी श्रीमती आरती यादव द्वारा शासकीय महाविद्यालय सिलौड़ी, ढीमरखेड़ा में “पोषण अभियान” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित पोषण के महत्व पर निबंध प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
मानव श्रृंखला से दिया स्वच्छता और पोषण का संदेश
बड़वारा परियोजना अधिकारी श्री इंद्रकुमार साहू के नेतृत्व में मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया, जिसके माध्यम से “स्वच्छता ही सेवा” एवं “सही पोषण ही जीवन की नींव” का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया।


