जबलपुर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी ही ममेरी बहन पर पत्नी को भगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पति आशुतोष ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और पत्नी को वापस लाने की गुहार लगाई।
आशुतोष (30) की 7 साल पहले संध्या से लव मैरिज हुई थी। दंपति का एक 5 साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई के सिलसिले में आशुतोष जबलपुर आया था। इसी दौरान उसकी ममेरी बहन मानसी का घर पर आना-जाना बढ़ा। शुरू में मानसी और संध्या के बीच ननद-भाभी जैसा रिश्ता था, लेकिन धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ने लगीं।
आशुतोष ने बताया कि 12 अगस्त को उसकी पत्नी संध्या अचानक घर से गायब हो गई। अगले दिन वह रेलवे स्टेशन पर मिली, लेकिन थाने जाने से साफ इनकार कर दिया और अमरपाटन जाने की जिद करने लगी।
पत्नी के गायब होने के बाद आशुतोष ने उसका मोबाइल खंगाला, तो उसमें संध्या और मानसी की आपसी चैट मिली। चैट पढ़ने के बाद आशुतोष को शक हो गया कि दोनों के बीच कुछ चल रहा है। आशुतोष का दावा है कि अब उसकी पत्नी मानसी के साथ ही रह रही है।
आशुतोष ने जबलपुर के साथ-साथ अमरपाटन थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। एएसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि संध्या की तलाश की जाए और मानसी से पूछताछ की जाए।
यह पूरा मामला ननद-भाभी के रिश्ते को कटघरे में खड़ा कर रहा है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज एक पारिवारिक विवाद है या इसके पीछे कोई और वजह छुपी है।


