कटनी, 26 सितम्बर।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री तपस्या परिहार ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “एक बगिया मां के नाम अभियान” की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिले की प्रगति लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम पाई गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
सीईओ ने आजीविका मिशन के सभी ब्लॉक प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई को लापरवाह उपयंत्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों का चयन दो दिनों में हर हाल में पूरा किया जाए।
सुश्री परिहार ने सहायक यंत्रियों को लंबित कार्यों की तकनीकी स्वीकृति (टीएस) तत्काल जारी कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि “एक बगिया मां के नाम अभियान” की सफलता के लिए सतत निगरानी और ठोस कार्यवाही आवश्यक है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ईई आरईएस, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य अधिकारी, सहायक यंत्री, आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक, परियोजना अधिकारी मनरेगा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


