MPNEWSCAST ( मनीष गौतम)
महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत त्वरित भुगतान प्रणाली पर जिला एवं जनपद पंचायतों में कार्यरत सभी लेखाधिकारी एवं सहायक लेखाधिकारियों के लिए एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मनरेगा आयुक्त श्री अवि प्रसाद ने प्रशिक्षणार्थियों को SNA-SPARSH सहित मनरेगा के तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेने के सुझाव दिए और भुगतान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा देती है, जिससे फंड के उपयोग पर सतत निगरानी संभव होती है।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा SNA-SPARSH के तकनीकी पहलुओं और बारीकियों पर गहन जानकारी प्रदान की गई।
गौरतलब है कि SNA-SPARSH केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक डिजिटल प्रणाली है, जिसके माध्यम से मनरेगा सहित कई केंद्रीय योजनाओं का फंड सीधे लाभार्थियों के खातों में स्थानांतरित किया जाता है। यह प्रणाली फंड के दुरुपयोग को रोकने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनावश्यक रूप से खातों में फंड के पड़े रहने की समस्या का समाधान करने में कारगर साबित हो रही है।


