पांढुर्णा/सौसर :– भारतीय जनता पार्टी ने सौसर के कांग्रेस विधायक विजय चौरे पर स्वेच्छानुदान निधि में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि विधायक ने गरीबी का हवाला देकर अपने निजी सहायक और उसके परिवार के नाम पर लाखों रुपये बांटे हैं।
पांढुर्णा में आयोजित प्रेस वार्ता को जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़, छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र परमार और युवा नेता राहुल मोहोड़ ने संबोधित किया। नेताओं ने बताया कि सूचना के अधिकार से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार अप्रैल 2023 से मार्च 2025 के बीच विधायक की अनुशंसा पर निजी सहायक चंद्रशेखर गणोरकर, उनकी पत्नी नीलिमा और भाई अनिल के नाम पर 17.50 लाख रुपये स्वेच्छानुदान में जारी हुए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि राशि कई बार अलग-अलग नामों से जारी की गई। जबकि गणोरकर नगर पालिका परिषद सौसर में कार्यरत हैं और नियमित वेतन प्राप्त करते हैं, ऐसे में गरीबी का आधार पूरी तरह झूठा है।
भाजपा नेताओं ने इसे जनसेवा की आड़ में जनता के पैसे का ग़लत इस्तेमाल बताया और मांग की कि लोकायुक्त व उच्च न्यायालय मामले की निष्पक्ष जांच कर मनी ट्रेल की पड़ताल करें।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


