साइबर सेल सागर एवं थाना देवरी की संयुक्त कार्यवाही में एक आरोपी को गिरफ्तार कर नकली लोन दिलाने के बहाने बैंक खाते खुलवाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
दिनांक 10/09/2025 को फरियादी प्रकाश अहिरवार निवासी ग्राम जैतपुर, देवरी, जिला सागर ने थाना हाजिर आकर आवेदन प्रस्तुत किया कि आरोपी जयेश बघेला निवासी सूरत एवं दिनेश पटेल निवासी रामनगर सोसायटी, सूरत ने उसे सस्ती ब्याज दर पर लोन दिलाने का प्रलोभन देकर उसके नाम से पंजाब नेशनल बैंक गढ़ाकोटा एवं इंडसलैंड बैंक बीना में खाते खुलवाए।
जब लोन स्वीकृत नहीं हुआ, तो फरियादी ने दिनांक 08/09/2025 को पंजाब नेशनल बैंक गढ़ाकोटा में अपने खाते की जांच कराई, जिसमें यह पाया गया कि गुजरात (सूरत) में उसके खाते से लगातार संदिग्ध लेन-देन हो रहे हैं। फरियादी ने अपने खाते का उपयोग धोखाधड़ी में होने संबंधी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर थाना देवरी में अपराध क्रमांक 419/25, धारा 318(2) BNS पंजीबद्ध किया गया। साइबर सेल सागर के माध्यम से तकनीकी जानकारी ली गई, जिसमें यह सामने आया कि दिनांक 02/08/2025 से फरियादी के खाते से सूरत, गुजरात में निरंतर लेन-देन हो रहे थे। जाँच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने फरियादी के बेटों के नाम पर भी विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए और उनमें भी धोखाधड़ी के लेन-देन किए।
कार्यवाही के दौरान आरोपी दिनेश पिता भोघाभाई निवासी धैली नं. 02, रामनगर सोसायटी, सूरत (गुजरात) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों बाटला निवासी सूरत एवं जयेश बघेला निवासी सूरत के साथ मिलकर लोगों को प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों के माध्यम से गुजरात सहित अन्य स्थानों पर धोखे से लोगों के पैसों का लेन-देन करता था।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 04 एटीएम कार्ड एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्यवाही में सराहनीय योगदान
इस संयुक्त कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव, थाना प्रभारी देवरी गजेन्द्र सिंह बुंदेला, उप निरीक्षक भागचंद उइके,प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार , आरक्षक अंकित गुरु आरक्षक कुलदीप सिंह ठाकुर, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह ठाकुर (साइबर सेल सागर) तथा आरक्षक पूरन यादव, आरक्षक राजीव तोमर एवं आरक्षक लवकुश (थाना देवरी) की भूमिका सराहनीय रही।
सागर से दुर्ग सिंह यादव की रिपोर्ट


