रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर वर्तमान में भाजपा की नगर पालिका परिषद के लगभग 3 वर्ष के कार्यकाल को पूर्ण कर चुकी हैं। वहीं नगर पालिका में प्रतिमाह हजारों रुपए की नगर सरकार से तनख्वाह लेने वाले अनुभवी इंजीनियरों के होने के बावजूद जिला मुख्यालय पर नगर के बीच बाजार में हलवाई चौक, जयस्तंभ चौक, रविशंकर मार्केट, पान बाजार में व्यापारी वर्षों से निरंतर ड्रेनेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार व्यापारीगण बारिश में जल भराव को लेकर भारी परेशान हैं। गत वर्ष भी उनकी समस्या का समाधान नगर पालिका ने नहीं किया था। बारिश में फिर बीच बाजार ड्रेनेज सिस्टम की खराब हालत और जल भराव से उनके व्यापार पर भारी असर पड़ रहा है।
जिससे बाजार के व्यापारी ड्रेनेज की गंभीर समस्या के समाधान न होने से आक्रोशित और नाराज हो रहे हैं। व्यापारियों ने इस गंभीर विषय पर विधायक डॉ सीतासरन शर्मा को अवगत कराया। इसके बाद सोमवार को विधायक डॉ शर्मा ने बाजार क्षेत्र का दौरा कर सर्किट हाउस में नगर पालिका और जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेकर तत्काल निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद दोपहर में एसडीएम नीता कोरी सहित तहसीलदार सरिता मालवीय और नगर पालिका के सब इंजीनियरों ने बाजार क्षेत्र का दौरा कर समस्या को समझा। बताया जाता है कि बाजार क्षेत्र में नाले नालियों पर भारी अतिक्रमण के कारण ड्रेनेज की समस्या हो रही है। वही मुन्ना गुप्ता की चाय की दुकान के वहां नाले पर बना टैंक में ढक्कन नहीं होने से आए दिन वहां दुर्घटना हो रही हैं । मवेशी सहित व्यक्ति नाले में गिर चुका है। परंतु नगर पालिका प्रशासन द्वारा ढक्कन नहीं लगाया जाने से राहगीर गिर रहे है। नाली चौक होने से सड़क पर गंदा पानी बहने से व्यापारी बड़े परेशान है, गंदगी और बदबू से दुकान पर बैठना दूभर हो रहा है जबकि बाजार में आसपास अधिकतर खाद्य सामग्री, होटल और किराना व्यवसाय की दुकानें हैं। किराना व्यापारी महेंद्र चौकसे ने बताया कि उनके द्वारा विधायक डॉ शर्मा को बाजार की ड्रेनेज और पानी निकासी की गंभीर समस्या से अवगत कराया है। आज विधायक डॉ शर्मा जी ने अधिकारियों की बैठक लेकर समाधान के निर्देश दिए हैं, हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। वही आसपास के दुकानदार दीपक मौर्य ने ड्रेनेज के गंदे पानी का बाजार में सड़को पर भरने से ग्राहको को आने जाने में असुविधा के चलते उनकी दुकानदारी और धंधा प्रभावित होने की बात बताई गई। और नगर पालिका को कई बार समस्या से अवगत कराने के बाद भी कोई ठोस ड्रेनेज की समस्या का स्थाई हल नहीं होने की बात बताई है।


