कटनी (02 सितंबर) – नगर निगम की अतिक्रमण शाखा के माध्यम से नगर की सुगम यातायात व्यवस्था सहित मुख्य मार्गो में अव्यवस्थित रूप से खडे वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग किये जाने की कार्यवाही सहित किये जा रहे अन्य दैनिक कार्यो की समीक्षा सोमवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा की जाकर अतिक्रमण अधिकारी मानेन्द्र सिंह को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। इस दौरान यातायात सूबेदार श्री राहुल पाण्डेय भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग हेतु यातायात विभाग का ले सहयोग
बैठक के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा यातायात प्रभारी राहुल पाण्डेय से बाजार क्षेत्रों के मुख्य मार्गो में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर कार्यवाही करते हुए व्यवस्थित पार्किंग कराने की बात कहे जानें पर यातायात प्रभारी श्री पांडेय द्वारा यातायात विभाग के कर्मचारियों एवं नगर निगम के माध्यम से सामूहिक अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करानें में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान मुख्य मार्गो की सेंट्रल पार्किंग, पेड़ पार्किंग, रूई बाजार एवं विश्वकर्मा पार्क में व्यवस्थित पार्किंग और किराए पर क्रेन लिए जानें जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
निष्पक्षता से करें प्रभावी कार्यवाही
महापौर श्रीमती सूरी द्वारा नगर के बाजार क्षेत्रों मिशन चौक से सुभाष चौक होते हुए स्टेशन रोड मार्ग, अहिंसा तिराहा से जिला चिकित्सालय मार्ग एवं लक्ष्मी बाई तिराहा होते से मोहन टॉकीज मार्ग से सुभाष चौक तक रोजाना अभियान चलाकर मार्ग के अस्थाई अतिक्रमण को अलग कराकर सुचारू यातायात व्यवस्था मुहैया कराने की दिशा में और कारगार प्रयास करने के निर्देश अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह को दिए। महापौर ने कहा कि शहर की सड़कों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निष्पक्षता के साथ रोजाना प्रभावी कार्रवाई करने पर भी महापौर ने जोर दिया।
आगामी पर्वों के चलते चिन्हित करें हॉकर्स जोन
महापौर ने आगामी नवरात्रि दीपावली एवं दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए फुटकर विक्रेताओं के व्यवस्थित स्थान मुहैया कराने हेतु हॉकर्स जोन के लिए साधूराम स्कूल सहित अन्य सुविधायुक्त स्थलों को चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
रिकॉर्ड करें रोजाना संधारित
बैठक के दौरान महापौर नें अतिक्रमण विभाग द्वारा इस माह की गई चलानी कार्यवाही, कुल अस्थाई दुकानों की संख्या, निर्धारित शुल्क, जब्त सामग्री एवं उसके छोड़ने की प्रक्रिया का रजिस्टर एवं रसीद कट्टे से अवलोकन करते हुए रोजाना की चालानी कार्यवाही की जानकारी रिकार्ड में संधारित करने के निर्देश अतिक्रमण अमले को दिए। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार की आर्थिक शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जायेगी।
महापौर ने कहा कि नगर का सौंदर्य और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए नगर के अन्य स्थलों इंदिरा नगर, कृषि उपज मंडी, एन.के.जे, खिहनी फाटक, ओव्हर ब्रिज के नीचे सहित नगर के अन्य सार्वजनिक मार्गों में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाने की मुहिम चलाई जाए ताकि संपूर्ण नगर का आवागमन व्यवस्थित हो सके। बैठक के दौरान अतिक्रमण दल के कर्मचारी रक्कू बाजपेयी, राकेश रजक, अजय कुशवाहा, राजेंद्र उरमलिया, विनय गर्ग, राजेश ठकुरसिया, अंशुल अहिरवार, रोहित बर्मन, अब्दुल नसीम, बलराम समुद्रे की मौजूदगी रही।


