रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह द्वारा घटनाओं की समीक्षा करने पर पाया गया कि सड़क दुर्घटनाएं मुख्यतः सिवनीमालवा से पिपरिया, सांडिया से मटकुली और पुराना NH 69 मीनाक्षी चौक से इटारसी के मध्य घटित हो रही है और इन में ही मुख्यतः वृद्धि हुई है
। यातायात पुलिस द्वारा घटना समय और घटना स्थल के अनुसार दुर्घटना बाहुल क्षेत्रों को चिन्हित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा में दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज गति और लापरवाही होना पाया जाने पर उन सड़को पर जहां दुर्घटना ज्यादा हो रही थी गति नियंत्रित करने हेतु रेडियम लगे सुस्पष्ट ड्रम के जिग जैग बैरियर लगाने के निर्देश दिए थे जिसके पालन में थाना प्रभारी गण द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
आज पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह ने हरदा सीमा तक के दुर्घटना बाहुल क्षेत्रों का अवलोकन किया। रसूलिया रोड से पंखी तिराहा होते हुए थाना देहात, डोलरिया, सिवनी मालवा और शिवपुर थाने के स्थलों का अवलोकन किया। सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु तात्कालिक उपाय करने हेतु आवश्यक निर्देश थाना प्रभारी देहात निरीक्षक सौरभ पांडेय, थाना प्रभारी डोलरिया उनि खुमान सिंह पटेल, सिवनी मालवा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार दुबे और शिवपुर थाना प्रभारी उनि विवेक यादव को मौके पर दिए।
भ्रमण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा और SDOP महेंद्र सिंह चौहान साथ रहे। दीर्घकालिक उपाय के बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और सड़क इंजीनियरिंग से संबंधित बिंदुओं को चिन्हित किया जा कर सुधार, सड़क पर गड्ढों, रेडियम पेंट, शोल्डर भरवाने, साइनेज लगाने और ब्लाइंड स्पॉट के परिशोधन हेतु संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी से पत्र व्यवहार करने के निर्देश डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा को दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह ने बताया कि अन्य सड़कों का डेटा संग्रह कर समीक्षा की गई है उनका भी शीघ्र भ्रमण कर आवश्यक सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
संतोष मिश्रा DSP ट्रेफिक नर्मदापुरम द्वारा बताया गया कि आज पुलिस अधीक्षक द्वारा हरदा जिले की सीमा तक के सड़क दुर्घटना बाहुल क्षेत्रों का अवलोकन किया गया है, सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सड़क निर्माण एजेंसी मप्र सड़क विकास निगम को आवश्यक सुधार हेतु आदेशानुसार पत्र लिखा जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं में रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान, चालानी कार्यवाही के साथ सड़क सुधार हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार प्रयास जारी हैं।


