छिन्दवाड़ा/30 अगस्त 2025/ कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह ने विकासखंड चौरई के प्राथमिक शाला डुंगरिया का आकस्मिक निरीक्षण कर कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थियों से पढ़वाकर एवं लिखवाकर गुणवत्ता परखी। इस दौरान विद्यालय का स्तर सामान्य पाया गया।
वहीं आज जिला परियोजना समन्वयक श्री जे.के. इड़पाचे एवं सहायक जिला परियोजना समन्वयक श्री भानू गुमास्ता ने विकासखंड चौरई के माध्यमिक शाला मोहगांव खुर्द, प्राथमिक शाला खैरीटोला एवं माध्यमिक शाला सीदप का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्राथमिक शाला खैरीटोला का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया, वहीं मोहगांव खुर्द और सीदप विद्यालयों में कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थी धाराप्रवाह हिंदी नहीं पढ़ पाए। इस पर संबंधित विद्यालयों को रेमेडियल कक्षाएं लगाकर गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित रेमेडियल कक्षाएं न लगाने और विद्यार्थियों का स्तर संतोषजनक न होने पर नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के बाद जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक परियोजना समन्वयक ने शासकीय माध्यमिक शाला सीदप चौरई में आयोजित शैक्षिक संवाद का अवलोकन किया। इसमें संवाद का संचालन सफल पाया गया। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को डीपीसी द्वारा अकादमिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिये नवाचार अपनाने, शिक्षक संदर्शिका के उपयोग तथा कक्षा का वातावरण प्रिंट-समृद्ध बनाकर विद्यार्थियों से निकटता बढ़ाने संबंधी टिप्स दिए गए।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


