VIDEO रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आज कलेक्टर सोनिया मीना ने कलेक्टर निवास परिसर में द चैंप्स फन स्कूल नर्मदापुरम की प्राथमिक शाला के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी बच्चों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया। पोधारोपण करते समय बच्चों ने एक गीत की सुमधुर प्रस्तुती भी दी। कलेक्टर ने बच्चों के साथ मिलकर नीम, तुलसी, गुडबेल,
पीपल सहित कई औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी पौधों का रोपण किया। उन्होंने बच्चों को बताया कि औषधीय पौधे न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं बल्कि यह वातावरण को भी शुद्ध करते हैं। पौधों से प्राप्त ऑक्सीजन मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है और यह प्राकृतिक जीवन चक्र को संतुलित बनाए रखने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये वातावरण से हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। साथ ही किसी भी क्षेत्र में वर्षा चक्र के संचालन और भूमिगत जल स्तर बनाए रखने में भी पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सभी को वृक्षारोपण करते रहना चाहिए साथ ही उनकी देखभाल करना भी हमारा कर्तव्य है। कलेक्टर के साथ पौधारोपण कर बच्चे भी प्रफुल्लित हुए और सभी ने खुलकर उनसे खूब संवाद किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि वृक्षारोपण केवल एक पर्यावरणीय कार्य नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायी उपहार है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।


