छिन्दवाड़ा/18 अगस्त 2025/ भारी बारिश और कीचड़ के बीच भी बिजली कर्मियों ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सराहनीय कार्य किया।
पांढुर्णा जिले के अंतर्गत म.प्र.पूर्व विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड वितरण केंद्र राजना के विद्युत कर्मियों ने ग्राम लांघा में बिगड़ी बिजली व्यवस्था को सुधारते हुए मिशाल पेश की। जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के कारण जलभराव एवं कीचड़ वाली जगह पर लगा ट्रांसफार्मर फेल हो गया था, जिससे गांव की नल-जल योजना, घरेलू लाइट एवं पोल्ट्री फार्म की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई थी। ऐसे कठिन हालातों में भी कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और ट्रांसफार्मर को बैलगाड़ी पर रखकर स्थान तक पहुँचाया। बारिश और कीचड़ की वजह से बैलगाड़ी के पहिए भी धंस गए, लेकिन इसके बावजूद पूरी मेहनत से ट्रांसफार्मर बदला गया और गांव की बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सतत एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति के लिए समय पर बिजली बिल राशि जमा करना आवश्यक है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


