कटनी (7 जुलाई ) – नगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कजलियां मेले का आयोजन इस वर्ष भी 9 अगस्त से 11 अगस्त तक आजाद चैक गाटरघाट स्थित राम मंदिर के पास तथा शहर की परंपरा अनुसार 10 अगस्त को श्री लल्लू भैया की तलैया में आयोजित किया जाना है। निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे ने कजलिया मेले के दौरान नगर निगम द्वारा की जानें वाली साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय में पूर्ण किए जाने हेतु अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।
निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा जारी आदेश के अनुसार उक्त द्वय मेला स्थल सहित आस पास के क्षेत्रों एवं पहुँच मार्गों में विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, कीटनाशक दवा का छिड़काव, आवारा मवेशियों पर नियंत्रण की कार्यवाही हेतु स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी एवं टीम को दायित्व सौंपा गया है।
वहीं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित बंद स्ट्रीट प्वाइंटो को चालू कराने हेतु प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा एवं विभाग के उपयंत्रियों को निर्देशित किया है। जबकि टैंकर के माध्यम से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु मृदुल श्रीवास्तव उपयंत्री और गड्ढों की मरम्मत करानें हेतु सुधीर मिश्रा प्रभारी कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्रियों को दायित्व सौपा गया है।
इसी प्रकार गाटरघाट में कार्यालय डिस्ट्रिक कमांडेंट से संपर्क कर तैराक एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित पुलिस कंट्रोल रूम से समन्वय बनाते हुए अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का दायित्व प्रभारी फायर नियंत्रण अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव को सौंपा जाकर समस्त व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।


