कटनी। कोतवाली पुलिस ने शहर के नामी क्रिकेट सटोरिये एवं हत्या के प्रयास के मामले के विनय वीरवानी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह उसे कोतवाली पुलिस कटनी लेकर आई। आरोपी विनय पिछले 6 महीने से हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार था। वह एक बार फिर दुबई भगाने के प्रयास में दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस द्वारा विनय वीरवानी का जिला अस्पताल से डॉक्टरी मुलाहजा करवाकर जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा। कोतवाली टीआई अजय सिंह ने बताया कि विनय वीरवानी को न्यायालय में पेश करते हुए 4 दिन के रिमांड पर लिया जा रहा है। विदित हो कि कोतवाली थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी गुरूनानक वार्ड में डॉक्टर पाल गली के पास 30 जनवरी 2025 की रात में एक युवा व्यवसायी पर जानलेवा हमला करने के मामले में विनय फरार चल रहा था। विनय के कहने पर ही बदमाशों ने युवा व्यवसाई के ऊपर जानलेवा हमला किया था। आरोपी के खिलाफ लगभग पांच महीने पहले पुलिस विभाग ने लुकआउट नोटिस जारी किया था। जिसके बाद नोटिस को देश के सभी एयरपोर्टों में भेजा गया था। इसी नोटिस के कारण विनय वीरवानी को दिल्ली एयरपोर्ट में पकड़ा गया है। आरोपी विनय वीरवानी के पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर कटनी से कोतवाली की पुलिस टीम को सोमवार को दिल्ली रवाना किया गया। दिल्ली पहुंचने के बाद कोतवाली की पुलिस टीम एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसी से आरोपी विनय वीरवानी को अपने अभिरक्षा में लेकर कटनी लाई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी गुरुनानक वार्ड के पास डॉ पाल गली में युवा व्यवसाई पर जानेलवा हमला करने वाले आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया। जिसे बाद में बढ़ा कर दोगुना कर दिया गया था। आरोपियों की जानकारी देने वालों का नाम भी गोपनीय रखने की बात कही गई थी। पुलिस ने बताया कि माधवनगर मेनबाजार निवासी राकेश उर्फ रॉकी मोटवानी पिता सुरेश मोटवानी (28) से 30 जनवरी की रात में विनय वीरवानी, राहुल बिहारी, करन बिहारी, केतु उर्फ नीरज रजक सहित अन्य साथियों ने मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया था। हमले के कारण राकेश मोटवानी को गंभीर चोट आई थीं। पुलिस ने मारपीट की सूचना के बाद आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया था। इसी मामले में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों में दबिश देकर राहुल बिहारी, अरमान द्विवेदी, केतू उर्फ नीरज रजक और शहबाज खान को गिरफ्तार कर लिया था। इसी मामले में आरोपी विनय वीरवानी फरार चल रहा था। जिसे दिल्ली एयरपोर्ट में सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा है।


