उमरियापान:- जिस बंजर भूमि को महिला ने 15 सालों की मेहनत से खेती के लायक बनाया। उमरियापान के विष्णु चक्रवर्ती ने उसी जमीन को हड़पने की साजिश रची। उसने जमीन की बाड़ी उखाड़ी, पेडों को काट और कब्जा करने लगा। महिला ने आरोप लगाया है कि कब्जा करने वाले ने कूटरचित कागजात का उपयोग कर सरकारी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराई है। पीड़ित महिला ने राजस्व अधिकारियों से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत बम्हनी के कुदवारी निवासी महिला फूलबाई काछी ने उमरियापान नायब तहसीलदार से लेकर कटनी जनसुनवाई में पहुँचकर शिकायत करते हुए बताया कि करौंदी के हल्का नम्बर 94 से लगी भूमि में 15 सालों में मेहनत कर बंजर जमीन को खेती के लायक बनाया। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिला वहीं खेती करके परिवार चलाती हैं। महिला और परिवार के लोग जब खेत में नहीं थे।तभी 27 और 28 जून को उसी समय काबिज जमीन पर उमरियापान निवासी विष्णु पिता गबडू चक्रवर्ती ने बाड़ी उखाड़ फेंका और 10 फलदार पेडों को काट दिया। महिला ने बताया कि इनके द्वारा बीते दो सालों से जमीन छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। राजस्व अधिकारियों को शिकायत करते हुए महिला ने बताया कि विष्णु चक्रवर्ती ने खसरा नम्बर 90 से लगी जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा लिया। जबकि साल 2022 के पहले यह जमीन कुदवारी निवासी बल्लो बाई पति हल्कू आदिवासी और उनके दो बेटों के नाम पर दर्ज रही,लेकिन उनके द्वारा खेती नहीं की जाती थी। जिसका फायदा उठाया और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा दिया। इस संबंध में ढीमरखेड़ा तहसीलदार आशीष अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


