कटनी ( 30 जून) – व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण हेतु प्रदेश में 30 मार्च से आयोजित होकर 30 जून तक चलनें वाले जल गंगा संवर्धन अभियान का के समापन समारोह एवं वाटरशेड सम्मेलन का आयोजन सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में खंडवा जिले में किया गया। अभियान के समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेशवासियों को 1518 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन कर एक और सौगात दीं।
नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअली प्रसारण किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, नगर आयुक्त श्री नीलेश दुबे सहित एमआईसी सदस्य सर्व श्री डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, एडवोकेट सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, सुमित्रा रावत, प्रभा गुप्ता, शशिकांत तिवारी, उमेन्द्र अहिरवार, विनोद लाला यादव, समाजसेवी तुलाराम गौटिया,प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, प्रभारी सहा. यंत्री सुनील सिंह,उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव,सामुदायिक संगठक रविशंकर पांडेय सहित निगम के अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअली प्रसारण देखा एवं सुना।
उल्लेखनीय है कि जल गंगा संवर्द्धन अभियान का शुभारंभ 30 मार्च को किया 5 जाकर अभियान के तहत प्रदेश भर में जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु निकायों में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित कर नदियों, कुओं, बावड़ियों के जीर्णोद्धार, जागरूकता का कार्य किया जाकर जल संवर्धन के प्रयास किए गए।
नगर पालिक निगम कटनी सीमान्तर्गत आयोजित अभियान के तहत महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी तथा निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न वार्डो पर स्थापित नलकूपों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग हेतु रिचार्ज पिट निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। अब तक 49 नग नलकूपों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग हेतु रिचार्ज पिट निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। आगामी समय में कुल 100 नलकूपों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग हेतु रिचार्ज पिट निर्माण कार्य किया जाना है। इसके अतिरिक्त नगर निगम कटनी द्वारा अमृत 2.0 योजनान्तर्गत कटनी नदी पर निर्मित मोहन घाट एवं मसुरहा घाट में वाटर बॉडी रेजुवनेशन का कार्य 1.83 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है। अभियान अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर नगर निगम द्वारा कुल 11 स्थानों पर एवं समाजसेवी संस्थाओ द्वारा भी शहर के अलग-अलग 16 स्थानों पर इस प्रकार कुल 27 निःशुल्क सार्वजनिक प्याऊ की भी व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त शासन के इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत नगर में संचालित विभिन्न विद्यालयों के टीनएजर्स के समूह विजन एवं अन्य संस्थाओं द्वारा श्रमदान के माध्यम से कटनी नदी मसुरहा घाट में नदी एवं घाट सफाई कार्य, कटनी नदी कटायेघाट में से जलकुंभी हटाने का कार्य, अमीरगंज तालाब, सुरम्य पार्क में नौका विहार हेतु निर्मित झील, सिमरार नदी पर निर्मित बाबा घाट, माई घाट साफ-सफाई की गई जिसमें माई घाट से पूजन सामग्री, पॉलीथिन एवं अन्य प्रकार के कचरे के साथ-साथ नदी में एकत्रित जलकुम्भी हटाने की कार्यवाही की गई।
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित सार्वजनिक भरे एवं पटे कुओं की सफाई हेतु योजना तैयार कर कार्य प्रारंभ किया गया। जिसमें से वर्तमान तक 16 कुओं से लगभग 340 क्यूबिक मीटर कचरा, मलबा निकला जा चुका है। वहीं नगर निगम सीमान्तर्गत नदी में मिलने वाले बड़े 56 नालों की सफाई कार्य लगभग 1213 क्यूबिक मीटर कचरा एवं मलबा निकला जा चुका है।


