आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, शाहपुरा भोपाल के सभागार में राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरस्कार-2023 के लिए आयोजित भव्य कार्यक्रम में वनमंडल कटनी को मध्य प्रदेश में पहुंच एवं लाभ प्रभाजन (एक्सेस एण्ड बेनिफिट शेयरिंग) के अधिकतम अनुबंध एवं अधिकतम राशि (श्रेष्ठ वनमंडल) की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।
राज्य वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री असीम श्रीवास्तव और प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं सदस्य सचिव मध्य प्रदेश बायोडायवरिसिटी बोर्ड श्री सुदीप सिंह द्वारा श्री गौरव शर्मा वनमंडल अधिकारी कटनी एवं श्री जी. एन. शुक्ला (उपवनक्षेत्रपाल) पदेन परिक्षेत्र अधिकारी को पुरस्कार दिया गया।
वनमंडल कटनी अंतर्गत पहुंच एवं लाभ प्रभाजन की 1 प्रतिशत की राशि व्यापारियों से म0प्र0 राज्य जैवविविधता बोर्ड के खाते में हस्तांतरण की जाती है तथा 1 प्रतिशत की राशि वनमंडल कटनी अंतर्गत गठित जैव विविधता समितियों में जमा की जाती है। वनमंडल कटनी द्वारा जैव संसाधनों के क्रय-विक्रय एवं संग्रहण हेतु समस्त व्यापारियों से रजिस्ट्रेशन कराया जाता है, बिना रजिस्ट्रेशन के अगर कोई व्यापारी व्यापार करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाती है। लाभ प्रभाजन की राशि अत्यधिक होने का तात्पर्य है कि कटनी वन मंडल में वनोपज की प्रचुरता है। इस लाभ प्रभाजन राशि को समित द्वारा विकास एवं अन्य कार्यों में उपयोग किया जा सकता है।