रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिले की बनखेड़ी तहसील के अंतर्गत अस्पताल के सामने आवास कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला कलावती गढ़वाल, अपने पुत्र महेंद्र गढ़वाल के साथ पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम कार्यालय पहुंचकर उनके परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया कि घर के सामने रात में खड़ी उनकी मोटरसाइकिल को आग लगाने वाला आरोपी घर के आस-पास खुलेआम घूम रहा है। वह मेरे अथवा मेरे परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कोई भी आपराधिक घटना कारित कर सकता है। मेरे परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। घटना के संबंध में बुजुर्ग महिला के पुत्र महेंद्र गढ़वाल ने बताया कि उनके नाम पर पंजीकृत
मोटरसाइकिल को 31 मार्च की शाम को घर के सामने दीवार किनारे खड़ी कर दिया था। रात्रि करीब 1 बजे आरोपी शिवम साहू नया खेड़ा बनखेड़ी द्वारा बिना किसी विवाद के रात को घर में खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। जिससे मोटरसाइकिल पूरी जल गई, मकान की खिड़की एवं विद्युत मीटर भी जल गया। पूरी घटना घर के पास रहने वाले गोलू मिर्जा के घर के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। जिसकी फुटेज के आधार पर 1 अप्रैल की सुबह बनखेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस को फुटेज भी उपलब्ध कराए। जिसके बाद बनखेड़ी पुलिस द्वारा आरोपी शिवम साहू को बीएनएस की धारा 326(एफ) में प्रकरण दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया था और फिर छोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी घर के आसपास खुलेआम घूम रहा है, जिससे मेरे परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कोई भी आपराधिक घटना कारित कर सकता है। आरोपी के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्यवाही की जाए।


