रिपोर्टर प्रिया दुबे
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आज सहजपुर के पास खैरी ग्राम में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य संस्कार सरोवर का भूमिपूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह सहित ब्रम्हकुमारी संस्था के दीदीयां तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि भारत एक मात्र ऐसा देश है, जो विश्व में तपोभूमि के रूप में जाना जाता है, क्योंकि साधु-संतों, महात्माओं और हमारे पूर्वजों ने यहां तपस्या कर सनातन को मार्ग दिया है। इस मार्ग का अनुसरण करने के बाद ही हम सभी इन ऊंचाइयों पर आसीन हुए हैं। ईश्वर तक पहुंचने के अनेक मार्गों में से एक अत्यंत पवित्र मार्ग को ब्रम्हकुमारी की दीदियों ने धारण किया है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पवित्रता, आत्मीयता एवं दिव्यता ही ब्रम्हकुमारी की दीदियों की उपस्थिति का अर्थ है। ब्रम्हकुमारी की दीदियों के दर्शन के साथ ही मन निर्मल हो जाता है, इसलिए उनके द्वारा प्रशस्त मार्ग अनुकरणीय है। विश्व कल्याण के लिए ब्रम्हकुमारी की दीदियों द्वारा घर एवं परिवार का त्याग कर देना सिर्फ भारत में ही संभव है। उन्होंने कहा कि संस्कार सरोवर की पवित्र ऊर्जा संस्कारधानी वासियों को तो पवित्र करेगी। साथ ही भविष्य की पीढ़ियों को मार्ग प्रशस्त करेगी। सांसद श्री आशीष दुबे ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रजापति ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का समाज सेवा में क्षेत्र में अद्भुत योगदान है। इसके लिए जितना भी साधुवाद दिया जाये कम है क्योंकि संपूर्ण समाज में सकारात्मकता लाने के लिए यह संस्था उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
विधायक नीरज सिंह ने बरगी विधानसभा के अंतर्गत संस्कार सरोवर का निर्माण होने पर स्वयं को भाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी में निर्मित होने वाले इस भव्य और दिव्य संस्कार केंद्र से उत्सर्जित आंतरिक शक्ति ही एक विकसित और स्वर्णिम भारत का निर्माण करेगी। संस्कार किसी भी राष्ट्र की धरोहर के समान होते हैं। संस्कार सरोवर के शिलान्यास के रूप में ब्रह्मकुमारी द्वारा संस्कारों के केंद्र का भी बीजारोपण होना गर्व की बात है।
कार्यक्रम के पूर्व मंत्री श्री सिंह ने लम्हेटाघाट के पास स्थित मंदिर में पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।