रिपोर्टर सीमा कैथवास
इटारसी/नर्मदापुरम। जिले की आर्थिक नगरी कहे जाने वाले इटारसी शहर में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। शहर विस्तार और नागरिकों के सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए जहां नगर पालिका प्रशासन ने पुरानी इटारसी में ट्रैक्टर स्कीम निगम की जगह पर करीब डेढ करोड रुपए की लागत से बस स्टैंड का निर्माण किया है। जिला प्रशासन सहित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के भारी प्रयासों के बावजूद उक्त बस स्टैंड शुरू नहीं हो सका है, ना ही यहां पर बसों के पहिए थम रहे हैं। दूसरी तरफ रसूखदार लोगों द्वारा उक्त नवनिर्मित बस स्टैंड परिसर में टप रखकर अतिक्रमण कर रहे हैं। जिनके आगे प्रशासन भी बेबस नजर आ रहा है। यह टप कौन बनवा रहा है और किसके निर्देश पर यहां रखे जा रहे हैं ? इसका नपा को भी पता नहीं है। किसके संरक्षण में यह हो रहा है, जो खासा चर्चा का विषय बन गया है।
उल्लेखनीय है कि इसी तरह पूर्व में तालाब के बाजार वाले द्वार पर भी टप रखकर कब्जा करने की तैयारी की जा रही थी। मामले का पता लगने के बाद नपा ने टप हटवाए थे। पुरानी इटारसी सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया यह बस स्टैंड फिजूलखर्ची साबित हो रहा है। मामले में पिछले दिनों आरटीओ द्वारा कार्रवाई करते हुए पांच बसों पर जुर्माना भी किया गया था बावजूद इसके अब तक हालात नहीं सुधरे। बस संचालकों और ड्राइवरों को पुरानी इटारसी के बस स्टैंड से होकर आने-जाने के निर्देश दिए थे, जिसका अब भी पालन नहीं हो रहा है। शाम ढ़लते ही असामाजिक तत्वों का डेरा- बस स्टैंड के विशाल डोम में शेड और बेंच-कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा यात्री सुविधा के लिए पेयजल व अन्य इंतजाम भी कर दिए गए हैं। जिससे यहां आने-जाने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। हालांकि बस स्टैंड परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां डोम का उपयोग बसों के गैराज के रूप में किया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि नए बस स्टैंड के संचालन होने से इस क्षेत्र में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। बस स्टैंड से शहर और शहर से बस स्टैंड आने-जाने वालों की संख्या बढऩे से ऑटो रिक्शा वालों को काम मिलेगा। इसके अलावा खानपान सहित अन्य व्यापार में बढ़ोतरी होगी। बैतूल-भोपाल की बसें रुकने से मिलेगा फायदा। बस स्टैंड का सबसे ज्यादा फायदा सीपीई, पुरानी इटारसी, आर्डनेंस फैक्ट्री के लोगों को मिलेगा। अभी तक इन क्षेत्रों के लोगों को भोपाल, नर्मदापुरम आने-जाने के लिए शहर के बस स्टैंड जाना पड़ता है। पुरानी इटारसी बस स्टैंड पर बसों का स्टॉपेज शुरू होने से लोगों को लाभ मिलेगा। बताया जाता है कि बस स्टैंड का एरिया 10500 वर्गमीटर है। प्रोजेक्ट की कॉस्ट 1 करोड़ 52 लाख रुपए है। साथ ही 15-15 मीटर चौडे एंट्री व एग्जिट गेट के साथ बसें खडी करने सीसी प्लेटफार्म, टैक्सी स्टैंड, डोम आकार में 17 बाय 23 मीटर का यात्री प्रतीक्षालय, गार्डन, पेविंग ब्लॉक, 10 शीटर शौचालय, पेयजल व्यवस्था के साथ ही स्ट्रीट लाइट की सुविधा है। वार्ड नंबर 01 के पार्षद दिलीप गोस्वामी ने बताया कि अवैधानिक रूप से टप रखे जा रहे हैं, मेरे द्वारा भी आपत्ति ली गई है। प्रशासन जब चाहेगा तब हटा देगा। एसडीएम टी प्रतीक राव ने बताया कि वह छुट्टी पर है अभी आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है, तहसीलदार से इसकी जानकारी लूंगा। नगर पालिका सीएमओ द्वारा फोन नहीं उठाए जाने के कारण इस विषय पर बात नहीं हो सकी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि अभी बस स्टैंड प्रारंभ नहीं हुआ है नगर पालिका स्वयं दुकानें बनाएगी, वहां पर जो अनधिकृत टप रखे जा रहे हैं, उन्हें हटा दिया जाएगा। फिलहाल दिनदहाड़े रखे गए अनाधिकृत टप जन चर्चा का खासा विषय बना हुआ है।


